कांग्रेस दलित विरोधी, जिस दिन उदयभान ने सीएम बनने की इच्छा जताई, उसी दिन हुड्डा गाड़ी से उतार देंगेः मुख्यमंत्री नायब सैनी

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में ब्राह्मण समाज के समर्थन का कार्यक्रम हुआ

नायब सैनी ने समर्थन देने पर ब्राह्मण समाज का आभार जताया

चंडीगढ़, 24 सितंबर।    ब्राह्मण समाज के सैंकड़ों लोगों ने मंगलवार को रोहतक स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश भर में भाजपा का समर्थन करने की घोषणा की। यहां आयोजित ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी पहुंचे। सैनी ने कहा कि पूरे प्रदेश के ब्राह्मण समाज ने भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया है, वे इसके लिए ब्राह्मण समाज का धन्यवाद करते हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर कटाक्ष किया। नायब सैनी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दलित विरोधी करार देते हुए कहा कि अगर उदयभान ने थोड़ी सी भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर कर दी, तो वह उन्हें भी गाड़ी से उतार देंगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस का दलित विरोधी इतिहास रहा है और जिस दलित नेता ने भी ऊपर बढ़ने की कोशिश की है उसे नीचे गिराने के लिए भूपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस पार्टी ने काम किया है। कांग्रेस पार्टी ने दलितों को केवल अपना वोट बैंक माना है। नायब सैनी ने यह भी कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा तो दामाद के रहमोकरम पर सरकार चलाते थे, दामाद खुश होता था तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुश होते और अगर दामाद नाराज हो जाता तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कुर्सी हिल जाती थी। सैनी ने कहा कि कांग्रेस तो फ्यूज हो चुकी है, हरियाणा में पिता-पुत्र और देश में मां-बेटा ही कांग्रेस पार्टी है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने तो झूठ और लूट के साथ राजनीति की है। लेकिन अब जनता इनके झांसे में आने वाली नहीं है।

नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल को भी डॉन करार दे दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में जेल गए अरविंद केजरीवाल जमानत मिलने के बाद डॉन की तरह बाहर निकले। केजरीवाल को हरियाणा में नहीं पंजाब में जाना चाहिए और पंजाब के किसानों की फसल एमएसपी पर खरीद करवानी चाहिए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अरविंद केजरीवाल पर प्रदेश की जनता को कोई विश्वास नहीं रहा है।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!