भाजपा रोहतक से संचालित करेगी विधानसभा चुनाव, सोमवार को मुख्यमंत्री करेंगे चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

चंडीगढ़ – लगातार चुनावी अभियान में जुटी भारतीय जनता पार्टी सोमवार को विधानसभा चुनाव के निमित्त रोहतक में चुनाव कार्यालय की शुरुआत करने जा रही है। सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रदेश चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा आदि सहित प्रदेश के अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश चुनाव कार्यालय के उद्घाटन से संबंधित जानकारी देते हुए भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी एवं सह प्रभारी शमशेर खरक ने बताया कि यह चुनाव कार्यालय रोहतक के सेक्टर 36 ए स्थित मंगल कमल कार्यालय में खोला जाएगा और पूरे प्रदेश में चुनावी गतिविधियां यहीं से संचालित की जाएगी। अरविंद सैनी व खरक ने बताया कि इस चुनाव कार्यालय में ही चुनाव प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के कार्यालय खोले जाएंगे और यहां संबंधित पदाधिकारी बैठकर चुनावी गतिविधियां चलाएंगे।

अरविंद सैनी और शमशेर ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे और मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली का उद्बोधन सुनेंगे।

मीडिया प्रभारी ने कहा कि रोहतक प्रदेश की राजनीतिक राजधानी है और भाजपा यहां से ही अपने चुनाव को संचालित करेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी तथा प्रदेश को विकासित बनाने की दिशा में कार्य करेगी।

You May Have Missed

error: Content is protected !!