भारत को इज्जत और सम्मान के साथ देखती है दुनिया : नड्डा

करनाल पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मनोहर लाल की तारीफ करते हुए कहा : हरियाणा को पारदर्शी शासन दिया

चंडीगढ़/   करनाल 19 मई।  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले 10 साल में भारत की राजनीति में बहुत कुछ बदला है। उन्होंने कहा कि 10 सालों में देश की अर्थव्यवस्था बढ़ी है और विपक्ष बेरोजगार हुआ है। श्री नड्डा ने कहा कि 10 साल पहले तक देश में भ्रष्टाचार होता था और भारत के बारे में तरह-तरह की टिप्पणियां की जाती थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत को इज्जत और सम्मान के साथ देखती है। जेपी नड्डा रविवार को करनाल में आयोजित प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल, भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगमोहन आनंद व रेनूबाला गुप्ता विशेष रूप से मौजूद थे।

जेपी नड्डा ने करनाल से लोकसभा प्रत्याशी मनोहर लाल और विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लिए वोट की अपील की। नड्डा ने मनोहर लाल की तारीफ करते हुए कहा कि मनोहर लाल ने हरियाणा को पारदर्शी शासन दिया। ऐसी योजनाएं चलाई जिनसे हरियाणा के लोग लाभान्वित हुए। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा जेपी नड्डा ने कहा  कि विपक्ष केवल अपने परिवारों और अपने चहेतों की चिंता करता है। श्री नड्डा ने कहा कि विपक्ष के नेता सिर्फ अपने परिवार की बात करते हैं। इंडी गठबंधन व कांग्रेस को देश की चिंता नहीं है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता झूठ बोलकर वोट लेने की फिराक में घूम रहे हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कि 10 साल पहले लोगों में निराशा थी कि जो भी पार्टी सत्ता में आती है वह कुछ नहीं करती। 2014 में जनता ने बीजेपी को वोट दिया और मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी। मोदी जी ने लोगों की आकांक्षाओं को इन दस सालों में पूरा करने का काम किया है। जेपी नड्डा ने कहा कि आज स्थिति यह है कि योजनाओं का फायदा अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी सिफारिश के पहुंच रहा है। अब देश ने डिजिटल इंडिया की ओर कदम बढ़ा दिए गए हैं। भाजपा ने गांव-गांव जाकर आयुष्मान कार्ड बनाने का काम किया है, यह सब प्रधानमंत्री के सकारात्मक रुख को दर्शाता है।

जेपी नड्डा ने कहा कि आज बीजेपी का रिपोर्ट कार्ड देखे तो वह बहुत मजबूत है। पहले जो कार्य होते थे वह ड्राइंग रूम में बैठकर बनते थे। लेकिन बीजेपी ने धरातल पर काम किया।  बीजेपी के कार्यों को देखते हुए आज विपक्ष भी मजबूर सा नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का अगर मेनिफेस्टो देखा जाए तो उसमें जो कुछ लिखा है वह तो होगा ही और जो नहीं लिखा है वह भी जरूर होगा।

जेपी नड्डा ने कहा कि पहले सिलेंडर की दिक्कत थी, लेकिन उज्ज्वला योजना के तहत वह भी दिक्कत खत्म कर दी गई। आने वाला समय ऐसा होगा कि घरों तक गैस की पाइप लाइन पहुंचेगी और सिलेंडर भी लाने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा आने वाले समय में आपका बिजली का बिल भी जीरो हो जाएगा। क्योंकि सोलर ऊर्जा से घरों की चो पर ही सोलर पैनल लगाए जाएंगे। पूर्व सीएम मनोहर लाल की तारीफ करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि मनोहर लाल ने गरीबों को मदद देने वाली स्कीम बनाई हैं। हरियाणा पहले पर्ची और खर्चियों के लिए माहिर था, लेकिन उस कॉन्सेप्ट को मनोहर लाल ने तोड़ा और बिना पर्ची खर्ची के युवाओं को नौकरियां दी।

भाजपा सरकार विकास की गति को और तेज करेगी : नायब सैनी

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि  भाजपा सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है। लोगों को ऑनलाइन तरीके से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार का प्रयास रहा है कि केंद्र और प्रदेश की योजनाओं का लाभ आखिरी छोर पर बैठे व्यक्ति तक मिले। सीएम सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षो से जिस तरह से देश और प्रदेश का विकास हो रहा है वह जारी रहेगा और भाजपा सरकार में विकास की गति नहीं रूकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा के चुनाव का दौर चल रहा है। हरियाणा में 25 मई को मतदान होगा। उन्होंने कहा कि 25 मई को दो मशीनों में कमल के फूल का बटन दबाकर एक कमल को लोकसभा में दिल्ली भेजना है और दूसरे कमल को चंडीगढ़ भेजना है।

कांग्रेस अपना वजूद खो चुकी है : मनोहर लाल

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस शासन भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार से जनता परेशान हो चुकी थी। 2014 में जनता ने भाजपा को जिताया। उन्होंने कहा कि 10 सालों में भाजपा सरकार ने ईमानदारी से काम करते हुए हर सुविधा को लोगों के घरों तक पहुंचाया है। मनोहर लाल ने कहा कि अब कांग्रेस अपना वजूद खो चुकी है।

पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस का 60 साल का शासन भी देश की जनता ने देखा है और नरेन्द्र मोदी का 10 साल का शासन जनता देख रही है। फर्क साफ है कि जो काम कांग्रेस इतने वर्षों में नहीं कर पाई, वो काम मोदी सरकार ने 10 वर्षों में कर दिखाए। उन्होंने जनता से अपील की कि देश के सुनहरे भविष्य के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें।

error: Content is protected !!