कांग्रेस महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा भी रहीं मौजूद

कुरुक्षेत्र में “आप” कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए सही नहीं: डॉ सुशील गुप्ता

इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ने पर अरविन्द केजरीवाल को गिरफ्तार किया: डॉ. सुशील गुप्ता

भाजपा हमारे नेताओं को गिरफ्तार कर रही, लेकिन हमारी सोच को कैसे कैद करोगे? : डॉ. सुशील गुप्ता

दिल्ली सीएम अरविन्द केजरीवाल पर कार्रवाई राजनीति से प्रेरित: कुमारी शैलजा

भाजपा बौखलाहट में राष्ट्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही: कुमारी शैलजा

कुरुक्षेत्र, 24 मार्च – आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस महासचिव कुमारी शैलजा भी मौजूद रहीं। इनके साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, असंध विधायक शमशेर सिंह गोगी और कालका विधायक प्रदीप चौधरी भी मौजूद रहे।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि ये चुनाव देश लोकतंत्र को बचाने के लिए है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नायब सैनी के आवास का घेराव करने गए तो सरकार ने पुलिस से पिटवाया और काफी गंभीर चोटें आईं जिस कारण 150 लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। 55 लोग तो कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में दाखिल थे। पुलिस ने किसी का हाथ, किसी का पैर तोड़ दिया तो किसी का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने मेरे ऊपर भी ताबड़तोड़ लाठियां बरसाईं। ये स्थिति लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। इस स्थिति को बदलने के लिए की बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से खेलो इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया और मेक इन इंडिया की बात करने वाली भाजपा हर जगह से इंडिया नाम के हटाने पर लगी है।

उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई लड़ने के लिए एक साथ मिलकर जाने न कितने लोगों ने कुर्बानी दी, ठीक उसी प्रकार लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए सभी दल एक साथ आए हैं। भाजपा ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है, ईडी सीबीआई का गलत इस्तेमाल, लोगों की अभिव्यक्ति पर रोक और हर व्यक्ति को डर के साए में जीने को कर रखा है। लेकिन अब भाजपा के दिन जा चुके हैं। क्योंकि लोकतंत्र को बचाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन लोगों का पैनल बनाया। जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का नाम था। लेकिन भाजपा ने संख्या के बल पर उस फैसले को पलट दिया और कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त की प्रधानमंत्री, एक उनका मंत्री और नेता प्रतिपक्ष करेगा। यानी कि दो तिहाई बहुमत भाजपा का होगा और एक तिहाई विपक्ष का।

उन्होंने कहा कि कोई पार्टी और चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है, इस समय देश और लोकतंत्र सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। जिसको बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि इस बार पीएम मोदी की विदाई तय है। जब इस विदाई तय की बात आई तो इन्होंने अरविंद केजरीवाल को ईडी के नोटिस भेजने शुरु कर दिए, ताकि गठबंधन टूट जाए। अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया है लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा जेल से सरकार चला लेंगे लेकिन इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों को एमएसपी देने का वादा किया था और 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के सभी वादे जुमला निकले। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े रही है और किसानों पर गोलियां चला रही है। पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पलट गए। पूरी दुनिया ने देखा कि किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर वो कृषि कानून वापस लिए थे। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो हरियाणा सरकार किसानों को रोक रही है। भाजपा किसान विरोधी सरकार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने उस व्यक्ति नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया है। उनको हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी है, जो अपनी पत्नी को जिला परिषद का चुनाव नहीं जीता पाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली में डॉ. साहब सिंह को हटाकर तीन महीने के लिए सुषमा स्वराज को मुख्यमंत्री बनाया था और वो आखिरी मुख्यमंत्री साबित हुई थी। उसके बाद 25 साल हो गए दिल्ली में भाजपा का राज नहीं आया। ऐसा ही हाल भाजपा का हरियाणा में होने वाला है। कुरुक्षेत्र लोकसभा के जिस गांव में भी हम जा रहे हैं हमें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और हर व्यक्ति बदलाव के लिए वोट करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा पूरे देश में महंगाई, बेरोजगारी और अपराध में नंबर एक पर है। भाजपा के राज में हरियाणा में कानून का नहीं गोली का राज हो गया है। हरियाणा में भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रही है। मैं कुरुक्षेत्र में बन रहे ज्ञान मंदिर, अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बनाई का रही धर्मशाला का चेयरमैन भी हूं। वहीं कुरुक्षेत्र में 2 एकड़ जमीन लेकर अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा गरीबों की सेवा के लिए बनाए जाने वाले अस्पताल का भी मैं चेयरमैन हूं। उन्होंने कहा कि मैं शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में धर्मार्थ कार्यों ने जुड़ा रहा हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि नायब की तरह गायब नहीं रहूंगा, हर दुख सुख की घड़ी में आपके बीच रहकर जनसेवा करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं आपको बता देना चाहता हूं अरविंद केजरीवाल ने मुझे सिखाया है या तो जनता से डरना है और या भगवान से डरना है। संसद में कुरुक्षेत्र की आवाज गूंजेगी। भाजपा हमारे नेताओं को गिरफ्तार कर रही है लेकिन हमारी सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे।

राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र में अपने प्रतिद्वंद्वियों के साथ सही बर्ताव नहीं कर रही। सभी घोटालेबाज भाजपा में जाने के बाद साफ सुथरे हो जाते हैं। भाजपा हरियाणा में हुए शराब घोटाला की बात क्यों नहीं करती। क्या भाजपा को चुनाव के दौरान केवल दिल्ली में ही कार्रवाई करनी थी। दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल पर कार्रवाई केवल राजनीति से प्रेरित कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि देश में किस प्रकार से लोकतंत्र का हनन हो रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार के पांव हिल चुके हैं और भाजपा बौखलाहट में राष्ट्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। लेकिन लोकतंत्र और संविधान की इस विरासत को देश बचाने में लगा हुआ है। झूठ और बनावट की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलेगी।

उन्होंने कहा था भाजपा ने इलेक्टोरल बांड के बहाने सरकार की शासकीय ताकत का इस्तेमाल करते हुए कितना पैसा इकट्ठा किया उसके लिंक बनते चले जा रहे थे। जिसको लेकर सुप्रीम कोर्ट को भी बीच में आना पड़ा और लगातार असलियत सामने आ रही है। भाजपा ईडी और सीबीआई के माध्यम से विपक्ष को दबाने का काम कर रही है और देश के असली मुद्दों से ध्यान भटकने का काम किया जा रहा है। देश के सबसे बड़े मुद्दों में बेरोजगारी, आर्थिक असमानता, सामाजिक असमानता, किसानों के साथ धोखाधड़ी, गरीबों को न्याय न मिलना, आरक्षण के नाम पर महिलाओं के साथ मजाक और 370 का राग अलापा जाता था मगर क्या कश्मीर के लोगों को न्याय मिला। वहां पर आज भी हालात नहीं सुधरे हैं, वहां पर चुनाव न करवा कर भाजपा अपनी कमजोरी दर्शा रहे हैं। हरियाणा में भी ऐसे क्या हालत हो गए कि एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री की तारीफों के पुल बांधते हैं और अगले दिन मुख्यमंत्री की कुर्सी बदल दी जाती है। इसका मतलब हरियाणा में भाजपा की सरकार 10 साल में असफल रही, इसलिए इनको चेहरा बदलना पड़ा। आज हरियाणा में हर वर्ग अपने आपको असहाय महसूस कर रहा है।

error: Content is protected !!