मनोहर लाल को देश में सबसे बड़ी जीत के साथ संसद भेजेंगे : नायब सैनी

*पंचकूला से घरौंडा तक रोड़ शो में मुख्यमंत्री नायब सैनी के अभिनंदन में उमड़ी भीड़*

*मोदी-मनोहर ने देश और प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलीः नायब सैनी*

करनाल/ चंडीगढ़,  19 मार्च। लोकसभा चुनाव में विजय के लिए भारतीय जनता पार्टी ने करनाल से शंखनाद किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी और लोकसभा प्रत्याशी बनाऐ जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहली बार करनाल में पहुंचे। घरौंडा की अनाज मंडी में आयोजित अभिनंदन समारोह में दोनों ने बड़े आत्मविश्वास से करनाल की सीट देश में सबसे बड़े मार्जिन से जीतने की बात कहते हुए प्रदेश की सभी दसों सीटों पर कमल खिलाने का दावा किया।

हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि उनका एक -एक पल प्रदेश की सेवा में लगेगा और प्रदेशवासियों के लिए 24 घंटे उनके घर के दरवाजे खुले हुए हैं। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा प्रत्याशी मनोहर लाल को अपना आदर्श बताते हुए उपस्थित करनाल की जनता से अपील की कि करनाल की जनता देश में सबसे ज्यादा मतों से जीताकर मनोहर लाल को संसद भेजें। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी कहा कि उनका जीवन जनसेवा के लिए समर्पित है। मनोहर ने मंच पर बैठे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और करनाल के सांसद संजय भाटिया के जनसेवा के कार्यों और पार्टी के प्रति समर्पण की भावना की तारीफ भी की। मनोहर ने कहा कि भाजपा का हरेक कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पण भाव से भरा है। भाजपा के सभी मंचासीन नेता स्वागत समारोह में उमड़ी भीड़ को देखकर गदगद थे। जिसके चलते भाजपा नेताओं ने अनेक बार मंच से भारत माता की जय, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के उद्घोष किए।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला पहुंचकर नाडा साहेब गुरुद्वारा में माथा टेका और सड़क मार्ग से करनाल के घरौंडा की ओर रवाना हुए। पंचकूला, अंबाला, कुरूक्षेत्र और करनाल में मुख्यमंत्री का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। देखते ही देखते मुख्यमंत्री का पंचकूला से घरौंडा तक का सफर एक रोड शो में बदल गया। जब मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री घरौंडा में अभिनंदन समारोह के मंच पर पहुंचे तो उनका जय श्रीराम के उद्धोषों से स्वागत हुआ। उपस्थित जनसमूह ने खड़े होकर नायब सिंह सैनी और मनोहर लाल का स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच संभालते ही अपने अभिनंदन को जनता का अभिनंदन बताया और कहा कि मेरे घर के दरवाजे जनता के लिए 24 घंटे खुलें है और मैं प्रदेश की सेवा में अपना एक-एक पल लगा दूंगा। उन्होंने कहा कि मैं पूर्व सीएम मनोहर लाल की उंगली पकड़कर ही राजनीति में आया हूं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताते हुए कहा कि मुझ जैसे छोटे से कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को संत की उपमा देते हुए कहा कि मनोहर लाल ही मुझे उंगली पकड़कर राजनीति में लेकर आए और आगे बढ़ाया है।  उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश की जनता की लगातार सेवा करता रहूंगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप सभी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और दस की दस सीटें जीताकर मोदी जी के पास भेजें।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ही मेरी उंगली पकड़कर राजनीति में लेकर आए हैं। मुझे इलम नहीं था कि मैं चुनाव लड़ूंगा, विधायक और मंत्री बनूंगा। मुझे यह भी पता नहीं था कि सांसद बन जाउंगा, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री बनूंगा। मुझे यह सब बनाने वाला कोई और नहीं बल्कि संत मनोहर लाल हैं।

नायब सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और करनाल के सांसद संजय भाटिया की तारीफ करते हुए इन्हें भी त्यागी कहा। श्री सैनी ने कहा कि मनोहर लाल ने सीएम पद का त्याग किया तो वहीं संजय भाटिया ने एक ही झटके में अपने लोकसभा क्षेत्र से मनोहर लाल को प्रत्याशी बनाने की सहमती दी। नायब सैनी ने कहा कि अब आप सभी कार्यकर्ता सांसद संजय भाटिया से भी ज्यादा मतों से मनोहर लाल को जीताकर भारत में रिकार्ड कायम करें।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कभी भी अपने लिए काम नहीं किया है, बल्कि प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए एक-एक क्षण लगाया है। हरियाणा को एक नई दिशा देने का काम काम किया है। नायब सैनी ने कहा कि मनोहर लाल की सोच हरियाणा को विकसित प्रदेश बनाने की रही है और मैं उनकी सोच पर खड़ा होकर पहरा दूंगा। हरियाणा के किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 2019 में जिस बहुमत से जीत हासिल हुई थी उस जीत को प्रचंड जीत में बदलना है। इसके लिए हमें पहले जितने वोट मिले उनसे 370 अधिक वोट हर बूथ से जोड़ने का काम करना है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस की सोच कभी प्रदेश को आगे बढ़ाने की नहीं रही है। कांग्रेस की सोच तो सिर्फ यही रही है कि मेरा परिवार कैसे आगे बढ़े। कांग्रेस को चुनाव के समय ही गरीब लोग याद आते हैं। कांग्रेस झूठे वादों के सहारे ही गरीबों को भ्रमित करती रही है, लेकिन गरीबी हटाने के लिए कांग्रेस ने कभी काम नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गरीब कल्याण की नीतियों से गरीबों को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत किया है। आयुष्मान और चिरायु जैसी योजना से जोड़ा है। गरीबों को पक्के मकान दिए हैं। हर घर नल से जल और गैस कनेक्शन देकर डबल इंजन की सरकार ने महिलाओं का जीवन सरल बनाया है।

कांग्रेस सरकार गिराने का मंसूबा पालती रही, हम सत्ता के माध्यम से सेवा करते रहे : मनोहर लाल

जनता मेरी आराध्य और जनता के लिए काम करना मेरा लक्ष्य : मनोहर लाल

समारोह को संबोधित करते हुए करनाल से लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हम सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा करते रहे और कांग्रेस सरकार को गिराने के मंसूबे पालती रही। भाजपा सरकार ने नए-नए काम किए हैं और जनता को फायदा पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि हमारे काम विपक्ष को कभी समझ नहीं आए। विपक्ष शुरू-शुरू में कहता था हमें सरकार चलाने का अनुभव नहीं है, लेकिन हमने लगातार काम करके दिखाया और लोगों का जीवन सरल बनाने का काम किया।  

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि विपक्ष के नेता सरकार द्वारा चलाए गए पोर्टलों की लगातार आलोचना करते रहे हैं। परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, मेरा पानी, मेरी विरासत जैसी स्कीमों के बारे में बोलते थे कि हम इनको बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि जनता को ऑनलाइन सिस्टम से घर बैठे ही फायदा पहुंचा है। अब कांग्रेस ने भी विरोध करना कम कर दिया है। कांग्रेस को समझ आ गया है कि अब जनता कांग्रेस को ही खत्म कर देगी।

मनोहर लाल ने कहा कि परिवर्तन जीवन का दस्तूर है और परिवर्तन होते रहते हैं। जिस प्रकार परिवार के सदस्य को आगे बढ़ते हुए देखकर घर के बुजुर्ग को खुशी होती है, उसी प्रकार मुझे भी खुशी हो रही है। 12 मार्च को विधायक दल ने सर्वसम्मति से नायब सैनी को हरियाणा का नया मुख्यमंत्री चुना इससे मेरी भी इच्छा पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की पार्टियों में यह देखने को नहीं मिलेगा। दो-तीन महीने तो इसी बात को लेकर विपक्ष में झगड़ा रहेगा। कांग्रेस में तो खेमें हैं और वे खेमें अपने परिवार को ही आगे बढ़ाते हैं।  

मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सैनी और मैं स्वयं साधारण परिवार से हैं। नायब सैनी के परिवार से मैं मिला हूं। साधारण परिवार है। नायब सैनी 1995 में पार्टी से जुड़े और अपनी मेहनत से विधायक, मंत्री, सांसद, प्रदेश अध्यक्ष और अब मुख्यमंत्री बन गए हैं। मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को भी बधाई दी और उनका यहां पहुंचने पर अभिनंदन किया।

मनोहर लाल ने दयालू स्कीम के बारे में बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2200 परिवारों को बटन दबाकर योजना के तहत 108 करोड़ रुपये देने का पुण्य का काम किया है। इस योजना के तहत प्रदेश की भाजपा सरकार अब तक 400 करोड़ रुपये दे चुकी है। मनोहर लाल ने कहा कि जनता मेरी आराध्य है और जनता के हित में काम करना ही मेरा लक्ष्य है। हरियाणा में चलाई गई योजनाओं की नकल दूसरे प्रदेश भी करते हैं।पू

र्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सांसद संजय भाटिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री भाटिया ने मुझे करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ने की सहमति दी है। उन्होंने कहा कि यही भाजपा का कल्चर है। भाजपा का कार्यकर्ता समर्पण की भावना से सब कुछ झटक देता है। मेरा परिवार मोदी परिवार सुखी बनें इसके लिए ही भाजपा का कार्यकर्ता दिन रात काम करता है। मनोहर लाल ने कहा कि पार्लियामेंट ने करनाल के लोगों की सेवा करने की जिम्मेदारी दी है। बोलते-बोलते पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल भावुक भी हो गए और उन्होंने कहा कि मेरी तरफ से कभी कोई उंच-नीच हो गई हो और किसी को तकलीफ हुई हो तो तकलीफ शब्द को निकाल दें और अच्छी बातों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ें।

मनोहर लाल करनाल के लिए हैं अपने मनोहर लाल : संजय भाटिया

करनाल से निवर्तमान सांसद संजय भाटिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल चाहे पूरे हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन वे करनाल के लिए अपने मनोहर लाल हैं। श्री भाटिया ने कहा कि यही कारण रहा है कि एक सूचना के आधार पर आज सैंकड़ों लोग पिछले रिकार्ड को तोड़ने के लिए घरौंडा में एकत्रित हुए हैं। संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को मनोहर लाल का लाड़ला बताया और दोनों की जोड़ी को राम-लक्ष्मण जैसी जोड़ी भी कहा।

संजय भाटिया ने कहा कि मनोहर लाल सफेद कपड़ों में संत हैं। मनोहर लाल ने संगठनमंत्री होते हुए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है। नायब सैनी का हाथ पकड़कर मुख्यमंत्री के पद पर विराजमान किया है, ऐसा भाजपा में ही संभव है।

समारोह में सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, उत्तर प्रदेश से सांसद सतपाल सिंह, विधायक लोकसभा संयोजक हरविन्द्र कल्याण, लोकसभा प्रभारी घनश्याम अरोडा, विधायक रामकुमार कश्यप, विधायक प्रमोद विज, विधायक महिपाल ढांडा, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट, प्रदेश महामंत्री डा अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा जिलाध्यक्ष पानीपत दुष्यन्त भटट, कृष्ण बेदी, मेयर रेणु बाला गुप्ता, मेयर अवनीत कौर, पूर्व विधायक बक्शीश सिंह विर्क, भगवान दास कबीरपंथी, जिले राम शर्मा,  जिला प्रभारी करनाल भारत भूषण जुयाल, जिला प्रभारी पानीपत उमेश शर्मा,  जिला मीडिया प्रमुख डा अशोक कुमार, उपाध्यक्ष प्रवीण लाठर, घरोंडां नगर पालिका अध्यक्ष हैप्पी लक गुप्ता, घरौंडा मंडल अध्यक्ष सुभाष चंद्र कश्यप, बरसात मंडल अध्यक्ष नरेश कैमरा, मोहिद्दीन मंडल अध्यक्ष योगेंद्र राणा, सहित हजारों की संख्या मे लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!