-प्रदेश में कृषि व बागवानी संस्थाएं जापान की नवीनत्तम तकनीकों पर मिलकर काम करेंगी: जेपी दलाल
कृषि मंत्री जेपी दलाल के नेतृत्व में एसीएस सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव केएम पांडुरंग, महानिदेशक डॉ अर्जुन सिंह सैनी सहित किसानों का प्रतिनिधिमंडल जापान में सात दिन के दौरे पर हैं
कृषि मंत्री सहित प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कोच्चि के अदरक बाजार, कोच्चि विश्वविद्यालय और टाईयो कार्पोरेशन लि. का किया दौरा

भिवानी, 26 जुलाई। प्रदेश में खेती के नवीनत्तम तकनीकी जानकारी किसानों को उपलब्ध करवाने को लेकर जापान में अधिकारियों के साथ गए हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बुधवार को जापान के कोच्चि में अदरक बाजार, कोच्चि की सुपर रीजनल यूनिवर्सिटी अकुरा-होम माची कोच्चि, कृषि उपकरण बनाने वाली टाईयो कार्पोरेशन लि. कंपनी, किसान बाजार टोसानामाटो का दौरा किया। उन्होंने यहां के प्रेजीडेंट टोमोमी हिसामात्सू से मुलाकात की और नए-नए कृषि उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने आधुनिक मशीनों के आदान-प्रदान करने के समझौते पर भी हस्ताक्षर किए।

इस बारे में जानकारी देते हुए कृषि मंत्री श्री दलाल ने बताया कि कोच्चि प्रांत का कामी शहर अदरक का प्रमुख उत्पादक शहर है। यहां पर लगभग 6000 टन अदरक एक वर्ष से अधिक समय तक कम तापमान पर स्टोर किया जा सकता है। कृषि मंत्री ने कंपनी के श्री सोया तनाका से मुलाकात की और उन्होंने कहा कि यह तकनीक भारत में बहुत उपयोगी साबित होगी। कृषि मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के साथ कोच्चि विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया, जिसमें 1500 से अधिक किसान शामिल हुए। इस कार्यक्रम क मुख्य उद्देश्य हरित परिवर्तन व ग्लोबल वार्मिंग को कम करना, उन्नत बीज के विकास पर रिसर्च करना रहा ताकि किसानों की पैदावार बढ़े। कृषि मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद वहां की कंपनी के प्रतिनिधियों व किसानों को हरियाणा के महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल तथा बागवानी संस्थाओं से संमन्वय स्थापित करने को कहा।

कृषि मंत्री ने ताइयो कॉरपोरेशन लिमिटेड का दौरा किया, जहां पर राष्ट्रपति श्री टोमी हिसामात्सू से मुलाकात की। इस दौरान आधुनिक मशीनों के आदान-प्रदान करने पर भी एक समझौता हुआ। कृषि मंत्री ने जापान में टोसा नामक शहर में किसान बाजार का दौरा किया, यह बाजार 1986 में एक छोटे पैमाने पर शुरू किया गया था, जो 2019 में बड़े क्षेत्र में बनाया गया है। इस बाजार में 1500 किसान आपूर्ति कर्ता हैं तथा ग्राहक संख्या 15 लाख है। यह बाजार सरकार द्वारा नियंत्रित है। इसमें किसान द्वारा पहुंचाए गए उत्पाद को उचित रूप से लेबल किया जाता है। हर महीने के अंत में किसान को उसके राजस्व की प्रतिपूर्ति की जाती है। इसमें प्राइवेट एजेंसी हैंडलिंग शुल्क के रूप में 18 प्रतिशत चार्ज करती है।

जापान के कृषि विशेषज्ञों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि भारत देश कृषि उत्पादन क्षेत्र में दुनिया की एक महाशक्ति है, लेकिन अब प्रोसेसिंग की नई तकनीक अपनाकर किसानों की आय बढ़ानी है। उन्होंने हरियाणा प्रदेश में किसानों की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। कृषि मंत्री श्री दलाल ने कहा कि जापान की आधुनिक तकनीक का विश्व में नाम है। परम्परागत खेती को छोडक़र आधुनिक विकसित खेत अपनाई जाएगी, जिससे किसान खुशहाल होंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा प्रणाली, परिचालन तौर-तरीकों और समर्थन तंत्र को समझा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में खेती की नवीनत्तम तकनीक ईजात करने को लेकर प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल के नेतृत्व में सात दिवसीय दौर पर जापान गए हुए हंै। डेलीगेशन में कृषि मंत्री के साथ कृषि एवं पशुपालन विभाग के एसीएस सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव केएम पांडुरंग, बागवानी विभाग के महानिदेशक डॉ अर्जुन सिंह सैनी और प्रतिनिधिमंडल के अन्य अधिकारियों ने भी जापान के फसलों और तकनीकी की विस्तार से जानकारी ली।

error: Content is protected !!