आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ जंतर मंतर पहुंचा हरियाणा आप नेतृत्व

प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता, वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर और वरिष्ठ नेता चित्रा सरवारा कुश्ती खिलाड़ियों के समर्थन में पहुंचे
जो लोग देश से प्यार करते हैं वे अपनी बेटियों के लिए छुट्टी लेकर पहुंचे जंतर-मंतर: अरविंद केजरीवाल
बीजेपी सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी तक खिलाड़ियों के साथ खड़े : डॉ. सुशील गुप्ता
जब कहीं सुनवाई ना हो तो जंतर-मंतर आना पड़ता है : डॉ. अशोक तंवर
ब्रजभूषण शरण सिंह ने गुरु शिष्य मर्यादा को भंग करने का काम किया : चित्रा सरवारा

दिल्ली/चंडीगढ़, 29 अप्रैल — आम आदमी- पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को जंतर-मंतर पहुंचे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता, वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर और वरिष्ठ नेता चित्रा सरवारा भी पहुंची। उन्होंने जंतर मंतर पर कुश्ती फेडरेशन अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे कुश्ती खिलाड़ियों को समर्थन दिया। आप राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर आप अपने देश से प्यार करते हैं तो इन बेटियों के समर्थन में आगे आएं और छुट्टी लेकर जंतर मंतर पर पहुंचे।

हरियाणा प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने देश और प्रदेश के कुश्ती खिलाड़ियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस को तुरंत प्रभाव से कुश्ती फेडरेशन अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ियों का दुर्भाग्य है कि पहले तो इन्हें एक एफआईआर दर्ज करवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब दिल्ली पुलिस कुश्ती खिलाड़ियों को परेशान कर धरना स्थल से खदेड़ना चाहती है। फेडरेशन अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी होने तक आम आदमी पार्टी खिलाड़ियों के साथ है। उन्हें किसी प्रकार की कोई भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि कुश्ती खिलाड़ी देश के लिए मेडल लाने का काम करते हैं, ये देश का नाम विश्व में रोशन करते हैं। ये किसी एक प्रदेश के नहीं हैं। इनका न्याय की मांग को लेकर जंतर मंतर पर बैठना दिखाता है कि बीजेपी सरकार महिला विरोधी के साथ न्याय विरोधी भी है। उन्होंने कहा दिल्ली पुलिस खिलाड़ियों को परेशान कर खदेड़ना चाहती है। खिलाड़ियों पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है।हरियाणा का नाम पूरे विश्व में रोशन करने वाले खिलाड़ी आज जंतर मंतर पर हैं।

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री खट्टर मूक दर्शक बने बैठे हैं। मुख्यमंत्री खट्टर कहां है? वे खिलाड़ियों के समर्थन में आगे क्यों नहीं आए ? जब खिलाड़ी मेडल लेकर आते हैं तो मुख्यमंत्री सबसे आगे होते हैं, अब जब प्रदेश के खिलाड़ियों को उनकी जरूरत है तो वे सामने नहीं आ रहे हैं। जब कहीं सुनवाई ना हो तो जंतर-मंतर आना पड़ता है। जंतर-मंतर आखिरी जगह होती है, ये आमूल चूल परिवर्तन की लड़ाई है। इसका असर नए उभरते हुए खिलाड़ियों पर भी पड़ेगा। अबकी बार लड़ाई आर पार की है।

वरिष्ठ नेता चित्रा सरवारा ने कहा कि आम आदमी पार्टी खिलाड़ियों के साथ है। मैं भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रही हूं। ब्रजभूषण शरण सिंह ने गुरु शिष्य के रिश्तों की मर्यादा को खत्म करने का काम किया है। खिलाड़ियों को न्याय मिलने तक हम साथ हैं।

Previous post

फरीदाबाद गुड़गांव टोल मामले पर बोले विधायक नीरज शर्मा………. मेरे ऊपर अपहरण का केस दर्ज कराया है !

Next post

भारतीय कुश्ती खिलाडियों द्वारा लगाए यौन शोषण के आरोप गंभीर हैं, निष्पक्ष जांच हो : महिला स्वराज

You May Have Missed

error: Content is protected !!