‘‘भारत की सनातन संस्कृति में भगवा रंग का विशेष महत्व, भगवा रंग को तिरंगे में सबसे ऊपर लिया गया’’- अनिल विज
‘केजरीवाल कांग्रेस में न रहे हों लेकिन आत्मा उनकी उसी कांग्रेस की है’’- विज
‘केजरीवाल व विपक्ष के दूसरे नेताओं को हिन्दुस्तान की ताकत नजर नहीं आ रही’’- विज

चण्डीगढ, 19 दिसंबर- हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने आज छतीसगढ के मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए अमर्यादित ब्यान के संबंध में कहा कि छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री को अपने पद से तुरंत त्याग-पत्र दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति में भगवा रंग का विशेष महत्व है। भगवा रंग को तिरंगे में सबसे ऊपर लिया गया है।

श्री विज ने आज पत्रकारों द्वारा छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री द्वारा भगवा रंग के वस्त्र पहनने वाले लोगों के बारे में दिये गये अमर्यादित ब्यान और भगवा रंग वस्त्र पहनने वाले लोगों को गुंडा बताये जाने के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

श्री विज ने कहा कि ‘‘हर युग में देवता भी रहे हैं और राक्षस भी रहे हैं और ऐसे ब्यान देने से छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री राक्षस प्रवृति के महानुभाव नजर आते हैं’’। उन्होंने कहा कि ‘‘जब दिन निकलता है और सांय होती है तो उस समय भी भगवा रंग होता है। भगवा रंग को तिरंगे में भी सबसे ऊपर भी लिया गया है लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को भगवा में दोष नजर आ रहा है’’। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने जिस तिरंगे के सामने शपथ ली हुई है, ऐसे ब्यान देने के बाद उन्हें तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से सम्बन्धित पूछे गये एक सवाल पर श्री विज ने कहा कि ‘‘व्यक्तिगत तौर पर चाहे केजरीवाल कांग्रेस में न रहे हों लेकिन आत्मा उनकी उसी कांग्रेस की है, जिस कांग्रेस ने 1947 में देश का बंटवारा करवाया था और 1984 में लगभग 3500 सिक्खों का नरसंहार करवाया। जनता उन्हें अच्छी प्रकार से जानती है’’।

गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि ‘‘केजरीवाल व विपक्ष के दूसरे नेता जिन्हें आज के हिन्दुस्तान की ताकत नजर नहीं आ रही है, हिन्दुस्तान जिस प्रकार से आज चीन से आंख गाडक़र बात कर रहा है, उसका अर्थ उन्हें समझ नहीं आ रहा है’’। उन्होंने कहा कि ‘‘ऐसे नेताओं का ध्येय केवल हिन्दुस्तान का विरोध करना और पड़ोसी दुश्मन देशों की प्रशंसा करना है’’।

error: Content is protected !!