अब हरियाणा में तेजी से आगे बढ़ती नजर आएगी कांग्रेस- बंसल 
पूरी निष्ठा से करेंगे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन- उदयभान 

नई दिल्ली।  प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान और नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, रामकिशन गुर्जर, श्रुति चौधरी और सुरेश गुप्ता ने शुक्रवार  सोनिया गांधी से उनके निवास स्थान 10 जनपथ पर जाकर मुलाकात की। 

मुलाकात के बाद विवेक बंसल ने पत्रकारों को बताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ सोनिया गांधी की यह पहली बैठक थी। सोनिया गांधी ने सभी को एकजुट होकर पार्टी हित में काम करने के लिए कहा है। सोनिया गांधी ने कहा है कि सभी मजबूती के साथ जनता की आवाज को उठाएं और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करें। 

प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने बताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सोनिया गांधी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का भरोसा दिलाया है। आने वाले समय में हरियाणा कांग्रेस तेजी से आगे बढ़ती हुई नजर आएगी। 

चौधरी उदय भान और नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्षों ने सोनिया गांधी का आभार जताया।चौधरी उदयभान ने कहा कि संगठन का निर्माण करना और उसे मजबूती देना उनकी पहेली प्राथमिकता रहेगी। इससे पहले 29 तारीख को फतेहाबाद में होने वाले ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसको लेकर जनता में भारी उत्साह है।