– डॉ. अजय चौटाला, दुष्यंत चौटाला समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जताया शोक

पानीपत/चंडीगढ़, 10 अप्रैल। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला समेत जेजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व इफको चेयरमैन चौ. सतबीर सिंह कादियान के निधन पर शोक संवेदनाएं प्रकट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। शनिवार सुबह को पार्टी के वरिष्ठ नेता सतबीर कादियान का हृदय गति रुकने के कारण देहांत हो गया। करीब शाम पांच बजे उनके पैतृक गांव सिवाह (जिला- पानीपत) में सतबीर कादियान का दाह संस्कार किया गया। इस दौरान जेजेपी अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, विधायक नैना सिंह चौटाला, पार्टी के राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, जजपा महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, जिला प्रधान सुरेश काला आदि जेजेपी नेता गांव सिवाह में उनकी अंतिम विदाई में शामिल हुए।

इस दौरान डॉ अजय चौटाला ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सतबीर कादियान के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। डॉ. चौटाला ने कहा कि सतबीर कादियान के निधन से न केवल राजनीति बल्कि सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि उनका योगदान सदैव हम सभी को प्रेरित करता रहेगा।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि सतबीर सिंह कादियान के असामयिक निधन का समाचार सुनकर उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सतबीर कादियान ने अपना जीवन जनसेवा और प्रदेश सेवा करते हुए बिताया। डिप्टी सीएम ने कहा कि उनके जाने से हमने एक अनुभवी, ज्ञानी, परोपकारी व सज्जन हस्ती को खो दिया है और उनकी कमी कोई दूसरा पूरी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि परमात्मा उनकी आत्मा को अपने चरणों में निवास दें और परिवार को दुख सहने की क्षमता प्रदान करें। वहीं पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सतबीर कादियान के निधन पर शोक प्रकट किया।

error: Content is protected !!