एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की डीसी उत्तम सिंह ने की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश

6 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

गुरुग्राम, 22 अक्टूबर- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जारी है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा करने और लंबित मामलों में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

इससे पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवासन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। इसके बाद जिले में एसआईआर से संबंधित विभिन्न कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में दावे एवं आपत्तियों, फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित मामलों, नोटिसों की सुनवाई, फोटो सत्यापन और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा 28 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दावों एवं आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत 6 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

फोटो सत्यापन कार्य के तहत जिले में 8,16,479 फोटो बीएलओ द्वारा सत्यापन कर उन्हें मंजूरी दी जा चुकी है। बैठक में फोटो सत्यापन की प्रगति और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) स्तर पर संबंधित कार्यवाही की भी समीक्षा की गई।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्रत्येक प्रकरण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा का ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक जांच पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि 6 नवंबर को सटीक एवं पारदर्शी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा सके।

बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल, निर्वाचन तहसीलदार राजेंद्र हुड्डा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें