हरियाणा में सरकार और प्रशासन के बीच तालमेल का अभाव, जनता से किए वादों का हिसाब दे भाजपा सरकार : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रदेश में बढ़ते अपराध, नशाखोरी, बेरोजगारी और किसानों की बदहाली पर जताई गहरी चिंता

कहा—खेल नर्सरियां बनाने का वादा किया था, आज युवाओं को अपराध और गैंगस्टर संस्कृति से बचाने की चुनौती

चंडीगढ़/सिरसा, 22 अक्टूबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं CWC सदस्य कुमारी सैलजा ने हरियाणा की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार और प्रशासन के बीच तालमेल का अभाव दिखाई दे रहा है। कहीं कोई घोषणा होती है तो बाद में उसी को लेकर दूसरी घोषणा करनी पड़ती है। ऐसे हालात में जनता के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर प्रदेश में शासन किस प्रकार चलाया जा रहा है।

कुमारी सैलजा ने गुरुवार को फतेहाबाद जिले के रतिया में आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ जन आंदोलन की पदयात्रा के दौरान प्रदेश की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा में अपराध, नशाखोरी और बेरोजगारी गंभीर चुनौतियां बन चुकी हैं। शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है और रोजगार के अवसरों की कमी से युवा परेशान हैं।

सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में बड़े निवेश, दस आधुनिक औद्योगिक शहरों और स्मार्ट सिटी के विकास के बड़े-बड़े वादे किए थे। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कितने औद्योगिक शहर विकसित हुए, कितना निवेश आया और कितने युवाओं को रोजगार मिला। गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की योजनाओं की प्रगति भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

किसानों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि मंडियों और खरीद केंद्रों में किसानों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डबल इंजन सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की बात करती है, लेकिन उसे फसलवार खरीद के आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए। सरकार बताए कि कितनी फसलों की कितनी खरीद हुई, कितने किसानों को एमएसपी का लाभ मिला और किसानों को कितना भुगतान किया गया।

सांसद ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारी लगातार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन और हड़ताल कर रहे हैं। सरकार को कर्मचारियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना चाहिए। भर्ती, तबादला और पदोन्नति संबंधी नीतियों में पारदर्शिता तथा स्पष्टता आवश्यक है। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने साधारण परिवारों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा, मेहनत और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर शिक्षा, खेल सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की है।

युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए सरकार

सांसद ने कहा कि भाजपा ने खेल नर्सरियां विकसित करने का वादा किया था, लेकिन आज युवाओं को नशे और गैंगस्टर संस्कृति से बचाना बड़ी चुनौती बन गया है। सरकार को युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों और चुनावी घोषणाओं की प्रगति का पूरा विवरण जनता के सामने रखा जाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश के किसानों, कर्मचारियों, महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।

इस अवसर पर कुमारी सैलजा के साथ पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुधा भारद्वाज, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयपाल सिंह लाली, मंगत राम लालवास, सुरेंद्र वर्टिया और गुरसेवक सिंह सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें