*लापरवाही बरतने वाली एजेंसी के खिलाफ होगी कार्रवाई, बिलिंग और राजस्व वसूली में देरी बर्दाश्त नहीं : विक्रम सिंह*
गुरुग्राम, 19 अक्टूबर 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने एसई एम एंड पी को निर्देश दिए हैं कि सभी शेष उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग निर्धारित समय में पूरी करवाई जाए तथा एजेंसी की ओर से किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही पाए जाने पर उसके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
निगम के एम एंड पी विभाग के अनुसार, संबंधित एजेंसी मेसर्स प्रज्ञावेयर (Pragyaware) को एलटी और एचटी श्रेणी के शेष उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग अगले दो दिनों में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी ने इस अवधि में लंबित रीडिंग का कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है।
मीटर रीडिंग में देरी के संबंध में एजेंसी ने सॉफ्टवेयर इंटीग्रेशन, नए कार्य की प्रक्रिया को समझने तथा मानव संसाधन के समायोजन में आ रही कठिनाइयों का हवाला दिया है। इन समस्याओं के समाधान के लिए एम एंड पी विभाग लगातार एजेंसी के संपर्क में है। सॉफ्टवेयर संबंधी समस्याओं के पूर्ण समाधान तक मीटर रीडिंग दर्ज करने के लिए सीएमआरआई की व्यवस्था भी की गई है।
प्राप्त रीडिंग डेटा के आधार पर अधिकतम बिल समय पर जारी करने के लिए एम एंड पी विभाग को सीबीओ के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चालू माह में बिलिंग प्रभावित न हो, राजस्व के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान हो सके।
विभाग ने एजेंसी को पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों की सेवाओं का उपयोग कर लंबित कार्य पूरा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों के समायोजन पर विचार करने का सुझाव भी दिया है।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया है कि मीटर रीडिंग और बिलिंग कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से निगरानी सुनिश्चित करें, लंबित कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाएं और एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए किसी भी कमी पर आवश्यक कार्रवाई करें।









