मेटल फिनिशिंग उद्योग में नई तकनीक और गुणवत्ता को बढ़ावा देने की जरूरत : विनोद बापना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उद्योग जगत के साथ मिलकर भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर विनिर्माण केंद्र बनाने पर दिया जोर।

गुरुग्राम (जतिन /राजा ) – भारतीय विनिर्माण क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर गुणवत्ता, नवाचार और सतत विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है। मेटल फिनिशिंग उद्योग भी देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह बात कैपरो मारुति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं भारतीय उद्योग परिसंघ हरियाणा परिषद के वरिष्ठ सदस्य विनोद बापना ने मेटल फिनिशर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा गुरुग्राम औद्योगिक संघ, सेक्टर-14, गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

विनोद बापना ने कार्यक्रम में मेटल फिनिशर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रतन पाल खटाना तथा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। उन्होंने एसोसिएशन द्वारा मेटल फिनिशिंग क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस तरह के औद्योगिक मंच केवल विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं हैं, बल्कि उद्योग की चुनौतियों को समझने और उनके सामूहिक समाधान तलाशने का अवसर भी प्रदान करते हैं। मेटल फिनिशिंग क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने, उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने और पर्यावरण के अनुकूल प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में उद्योग को लगातार आगे बढ़ना होगा।

कार्यक्रम में गुरुग्राम औद्योगिक संघ की भी सक्रिय भागीदारी रही। संघ के जे.एन. मंगला सहित अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और महत्वपूर्ण बनाया। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने तकनीकी विकास, गुणवत्ता, नवाचार और औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।

विनोद बापना ने कहा कि भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए उद्योगों के बीच सहयोग और ज्ञान का आदान-प्रदान बेहद आवश्यक है। उन्होंने मेटल फिनिशर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया और गुरुग्राम औद्योगिक संघ को औद्योगिक क्षेत्र के विकास में उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से भारत को अधिक मजबूत, प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर विनिर्माण अर्थव्यवस्था बनाया जा सकता है।

रतन पाल खटाना ने कहा कि मेटल फिनिशिंग उद्योग तेजी से तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में उद्योग से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर नई तकनीक, गुणवत्ता और बेहतर उत्पादन प्रक्रियाओं पर चर्चा करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास रहेगा कि उद्योग से जुड़े उद्यमियों और विशेषज्ञों के बीच निरंतर संवाद कायम हो तथा भारतीय मेटल फिनिशिंग उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य किया जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!