बिहारियों को मिली गाली के वायरल ऑडियो मामले में नीरज शर्मा ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोजपुरी अवधि समाज, डबुआ कॉलोनी में आयोजित हुई प्रेसवार्ता

फरीदाबाद। भोजपुरी अवधि समाज, डबुआ कॉलोनी में आज विशेष प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने नगर निगम फरीदाबाद के एक वरिष्ठ अधिकारी के नाम से वायरल हो रहे कथित ऑडियो को लेकर गंभीर चिंता जताई।

नीरज शर्मा ने कहा कि वायरल ऑडियो में कथित रूप से “बहनचोद बिहारी साला” जैसे बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। यदि ऑडियो की सत्यता जांच में प्रमाणित होती है, तो यह बिहार एवं झारखंड मूल के 18 करोड़ नागरिकों के सम्मान और क्षेत्रीय पहचान का अपमान है।

उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित किया जाए, जांच पूरी होने तक फरीदाबाद से बाहर स्थानांतरित किया जाए तथा पूरे मामले की SIT से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, यदि ऑडियो प्रमाणित होता है और आपराधिक तत्व पाए जाते हैं तो जातीय/क्षेत्रीय विद्वेष फैलाने एवं अपमान से संबंधित लागू कानूनों के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के विकास में बिहार और झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। किसी भी अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय पहचान को गाली से जोड़ना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

नीरज शर्मा ने कहा कि जांच में आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोरतम विभागीय कार्रवाई की जाए और बिहार-झारखंड मूल के नागरिकों सहित फरीदाबाद की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के निर्देश दिए जाएं।

प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक नीरज शर्मा के साथ रमाकांत तिवारी भोजपुरी अवधि समाज के संयोजक, अध्यक्ष रघुवर दयाल जी, एनआईटी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण सिंह जी, पूर्व पार्षद दया शंकर गिरी, राम रेखा यादव, मधुसूदन झा उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें