भारी बारिश के बाद गुरुग्राम में 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की सलाह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जलभराव और यातायात जाम की आशंका; सरकारी-निजी शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों पर भी लागू होगी एडवाइजरी

गुरुग्राम, 24 अगस्त। जिले में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण जलभराव और यातायात जाम की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार, 25 अगस्त 2026 के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिले के सभी कॉरपोरेट कार्यालयों तथा सरकारी एवं निजी स्कूलों व शिक्षण संस्थानों को अपने कर्मचारियों से घर से काम कराने की सलाह दी गई है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डीसी श्री उत्तम सिंह की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि घर से काम करने की व्यवस्था अपनाने से सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। इससे नागरिक एजेंसियां सड़कों और नालों की मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्य भी सुचारु रूप से कर सकेंगी।

प्रशासन ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी को एडवाइजरी का व्यापक प्रचार करने तथा जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तक इसकी सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

स्कूल बंद करने का आदेश नहीं

प्रशासन की एडवाइजरी में स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को बंद रखने अथवा विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित करने का स्पष्ट आदेश नहीं दिया गया है। इसमें केवल संबंधित संस्थानों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह देने को कहा गया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!