कचरा वर्नेबल प्वाइंट बना मिनी फॉरेस्ट, 250 पौधों से हरियाली का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम गुरुग्राम और दि बीकन स्कूल की संयुक्त पहल, विद्यार्थियों ने पौधारोपण के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

गुरुग्राम, 24 अगस्त। नगर निगम गुरुग्राम एवं दि बीकन स्कूल सेक्टर-64 के संयुक्त तत्वावधान में कचरा वर्नेबल प्वाइंट को मिनी फॉरेस्ट में परिवर्तित करने के उद्देश्य से विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्कूल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 250 पौधे लगाए और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कचरे के स्थान को हरित क्षेत्र में बदलना सामूहिक प्रयास की मिसाल

संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर पहले कूड़े का ढेर था, वहां मिनी फॉरेस्ट विकसित होना इस बात का उदाहरण है कि सही सोच, सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से कचरा प्रभावित स्थानों को भी हरित एवं सुंदर क्षेत्र में बदला जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का आधार बनेंगे। डॉ. नरेश कुमार ने स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थियों, नगर निगम टीम एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की।

हर व्यक्ति लगाए पौधा और उसकी देखभाल करे—भारती हरसाणा

वार्ड-15 की पार्षद भारती हरसाणा ने कहा कि पौधारोपण प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सरल एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ या किसी विशेष उपलब्धि के अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाएं और उसके पेड़ बनने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाले वर्षों में गुरुग्राम को और अधिक हरा-भरा बनाया जा सकता है।

स्वच्छता में नागरिक भागीदारी जरूरी—कुलदीप हिन्दुस्तानी

स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल सफाई कर्मचारियों के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने लोगों से खुले में कचरा नहीं डालने, कचरे का उचित निस्तारण करने और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

पहले कूड़े का ढेर, अब मिनी फॉरेस्ट

स्कूल की प्रिंसिपल रूपा मिधा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर निगम गुरुग्राम की टीम का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस स्थान पर पहले कूड़े का ढेर था, वहां अब मिनी फॉरेस्ट विकसित किया गया है। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल बताया।

विद्यार्थियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के अंत में प्रिंका यादव ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार एवं पार्षद भारती हरसाणा ने दि बीकन स्कूल, एमसीजी के सफाई निरीक्षक जितेंद्र, कुलदीप हिन्दुस्तानी, प्रिंका यादव, सहायक सफाई निरीक्षक अकरम, शकील तथा एचएमएस टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दि बीकन स्कूल की सीमा एवं राजकुमार, नगर निगम की बागवानी टीम, एचएमएस टीम के अनिरुद्ध, विकास, मनोज, राहुल एवं राजन कुमार झा, स्कूल प्रबंधन तथा विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कचरे से हरियाली की ओर—प्रेरणादायक बदलाव

कचरा वर्नेबल प्वाइंट को मिनी फॉरेस्ट में बदलने की यह पहल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करती है। ऐसे प्रयासों से न केवल शहर के कचरा प्रभावित स्थानों का स्वरूप बदला जा सकता है, बल्कि नागरिकों और विशेषकर युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!