स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत ताऊ देवीलाल स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों ने किया पूर्वाभ्यास

गुरुग्राम, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ पूर्वाभ्यास किया। समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल वीरवार, 13 अगस्त को प्रातः 9 बजे ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इस दौरान डीसी उत्तम सिंह स्वतंत्रता दिवस समारोह की मिनट-टू-मिनट तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे।

सीटीएम ज्योति नागपाल के मार्गदर्शन में बुधवार को सभी प्रतिभागी टीमों ने मुख्य आयोजन स्थल पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप अभ्यास किया। तैयारियों की जानकारी देते हुए सीटीएम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार एवं गरिमामयी बनाने के लिए सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और तैयारियां पूरी तत्परता के साथ की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि समारोह में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी। इन प्रस्तुतियों को प्रभावशाली बनाने के लिए प्रतिभागियों ने बुधवार को पूरे जोश के साथ अभ्यास किया।

उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के पूरे कार्यक्रम को निर्धारित क्रम के अनुसार दोहराया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि के आगमन, ध्वजारोहण एवं राष्ट्रीय ध्वज को सलामी, मुख्य परेड के निरीक्षण, जनता के नाम संदेश के वाचन, शहीदों के परिवारों के सम्मान तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान करने सहित समारोह से जुड़ी सभी गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। रिहर्सल के माध्यम से प्रत्येक व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया जाएगा, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे।

सीटीएम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रभावना से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही पीटी, डंबल एवं लेजियम शो भी प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, प्रजातंत्र के प्रहरी, स्टूडेंट पुलिस कैडेट तथा एनसीसी की टुकड़ियां भी शामिल होंगी, जो अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से समारोह की गरिमा बढ़ाएंगी। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस एवं होमगार्ड की टुकड़ियां भी मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सरकार के विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य एवं उपलब्धियां हासिल करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा समारोह स्थल पर आवश्यक सुरक्षा, यातायात, बैठने, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सीटीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह ही नहीं, बल्कि उपमंडल स्तर पर भी आयोजन पूरे उत्साह, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!