पहले चरण में खरीदी 375 बसें, जून तक चलाई जाएंगी अन्य 7 शहरों में इलेक्ट्रिक बस

नगर निगम क्षेत्र में चलेंगी बसें, जेबीएम कंपनी करेंगी देखरेख

12 साल के लिए सरकार ने 2450 करोड़ रुपये में कम्पनी को दिया टैंडर

चण्डीगढ़, 29 जनवरी – हरियाणा के परिवहन एवं उच्चतर शिक्षा मंत्री श्री मूल चंद शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत प्रदेश के 9 शहरों में की जा रही है। पहले चरण में पानीपत और यमुनानगर नगर निगम में यह बसें चलाई जा रही है। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने गत दिवस पानीपत के बस अड्डे से इसकी शुरुआत की है। इस बस सिटी सर्विस के लिए सरकार द्वारा जेबीएम कंपनी के साथ 12 साल का समझौता हुआ है। इस समझौते में सरकार 12 साल में 2450 रुपये खर्च करेंगी। बस के सभी खर्चे कम्पनी द्वारा किए जाएंगे, परंतु परिचालक हरियाणा रोडवेज का होगा।

श्री मूल चंद शर्मा ने आज जगाधरी बस अड्डे से इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत बस के गेट पर फीता काट कर की। उन्होंने स्वयं बस सुविधा की जांच के लिए बस में अधिकारियों व अन्य अतिथियों के साथ सफर किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज देश का ऐसा पहला राज्य है जहां पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है। नागरिकों की सुविधा के लिए इस बस में किराया भी सामान्य होगा। प्रदेश में 375 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा चुकी हैं जोकि प्रदूषण रहित हैं। यमुनानगर में 50 इलेक्ट्रिक बस भेजी जाएंगी।

परिवहन मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हरियाणा रोडवेज का यात्रियों के प्रति विश्वास बड़ा है। प्रदेश में करीब 4150 बसों का बेड़ा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा रोडवेज में 3500 ड्राइवर व कंडक्टरों की भर्ती और इसके अतिरिक्त 1500 भर्ती एचकेआरएन के तहत की गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज में प्रतिदिन करीब 11 लाख यात्री 11 लाख किलोमीटर की यात्रा करते हैं।

परिवहन विभाग के प्रधान सचिव श्री नवदीप सिंह विर्क ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया और कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में तथा परिवहन मंत्री श्री मूल चंद शर्मा के प्रयासों से परिवहन विभाग लगातार आगे बढ़ रहा है। हरियाणा में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार द्वारा प्रदूषण रहित बसों को खरीदा गया है। पहले चरण में पानीपत, यमुनानगर, पंचकूला, अम्बाला, करनाल, सोनीपत, रिवाड़ी, रोहतक और हिसार में स्थानीय सिटी बस सेवाएं प्रदान की जाएगी। पानीपत व यमुनानगर में इसकी शुरुआत हो गई है। अन्य जिलों में जून तक शुरुआत कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 115 करोड़ की लागत से सभी 9 शहरों में अलग से सिटी बस सेवा डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इन डिपो पर चार्जिंग जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि पहले 7 दिन यह बस सेवा नगरवासियों के लिए नि:शुल्क होगी जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने पानीपत में की थी। बस का किराया भी 10 रुपये से 50 रुपये के बीच में होगा। यमुनानगर में 1 से 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपये, 5 से 8 किलोमीटर के लिए 15 रुपये तथा  8 से 20 किलोमीटर के लिए 20 रुपये किराया चार्ज किया जाएगा।

error: Content is protected !!