करोड़ों में अपराधियों को टिकट बेचने से अच्छा है अपराध के शिकार लोगों को टिकट देकर राजनीति में सशक्त बनाया जाये

14/01/2022 :- ‘महिलाओं के लिए राजनीतिक भागीदारी और न्याय की अलख जगाने वाली, आम जनता की सशक्त आवाज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने जो कहा था वो कर दिखाया।’ उक्त बातें महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सुनीता वर्मा ने उस बात को लेकर कही जिसमें प्रियंका गांधी ने जनता से वादा किया था कि वो इन विधानसभा चुनावों में 40 फीसदी टिकटें महिलाओं को देंगी।

वर्मा ने कहा कि इस बार देश की आधी आबादी प्रियंका जी द्वारा दिये गए नारे ‘मैं लड़की हूँ, लड़ सकती हूं’ से प्रेरणा पा कर कांग्रेस के साथ है जिसकी वजह से कांग्रेस यूपी में मजबूत है। उन्होंने कहा कि इस बार के पांच राज्यों के चुनाव परिणाम काफी चौंकाने वाले होंगें और कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ इन राज्यों में सरकार बनाएगी।

महिला कांग्रेस नेत्री ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो अपराधियों को सशक्त करते हैं, हम पीड़ितों को सशक्त करेंगे। इसी वजह से इस बार कांग्रेस ने उन्नाव में बीजेपी एमएलए की हैवानियत का शिकार हुई गैंगरेप मृतका की माँ को टिकट देकर अपराध के खिलाफ मजबूती से लड़ने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला, दलित, आदिवासी, पिछड़े और हर उस व्यक्ति के साथ खड़ी है जो अत्याचार का शिकार है, जिसे मारा गया, कुचला गया, दबाया गया। कांग्रेस न्याय के साथ है।

महिला कांग्रेस नेत्री ने कहा कि यूपी में जो महिलाएं पहली बार कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आधी आबादी की आवाज को बुलंद करके राजनीति में एक बड़े बदलाव की शुरुआत कर दी है, अब किसी भी राजनीतिक दल द्वारा महिलाओं को नजरअंदाज नही किया जा सकेगा। यही कांग्रेस की बड़ी जीत है।

वर्मा ने बीजेपी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि किसानों की हत्यारी इस बीजेपी राज में उत्तरप्रदेश जंगलराज में तब्दील हो चुका था लेकिन इस बार जनता भाजपाई जुमलों से तंग आ गई है, झूठ की बुनियाद पर कायम कुशासन की पोल खुल गई है। जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि उन्नाव में जिनकी बेटी के साथ भाजपा ने अन्याय किया, अब वे न्याय का चेहरा बनेंगी, वो लड़ेंगी और जीतेंगी।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सुनीता वर्मा ने कहा कि यूपी में महिलाएं कांग्रेस की बड़ी जीत का सूत्रधार बनेंगी क्योंकि महिला सशक्तिकरण एवं महिला अधिकारों के संरक्षण का प्रियंका गांधी का वायदा व इरादा अटल है।

error: Content is protected !!